इस बात में कोई दोराय नहीं है कि, साल 2021 सेलिब्रिटी जगत के लिए ‘वेडिंग ईयर’ बन गया है। इस साल में अब तक कई सेलेब्स ने अपने पार्टनर के साथ शादी करके नई जिंदगी की शुरुआत की है, तो कुछ स्टार्स ने अपनी शादी की तारीख का ऐलान भी किया है। वहीं, अब बैडमिंटन प्लेयर ज्वाला गुट्टा (Jwala Gutta) ने भी अपनी शादी की तारीख का ऐलान कर दिया है। ज्वाला गुट्टा लंबे समय से साउथ सुपरस्टार विष्णु विशाल (Vishnu Vishal) को डेट कर रही हैं और अब उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी शादी का कार्ड शेयर किया है, जिसमें वो तारीख लिखी है, जब दोनों हमेशा-हमेशा के लिए एक पवित्र बंधन में बंध जाएंगे। आइए आपको दिखाते हैं कपल की शादी का कार्ड।
पहले आप ये जान लीजिए कि, विष्णु विशाल ने अपने करियर की शुरुआत साल 2009 में आई फिल्म ‘वेन्निला कबडी कुजू’ से की थी। इसके बाद उन्होंने कई फिल्में कीं, जिसमें उनके अभिनय को सराहा जाता है। शायद ही आपको पता हो कि विष्णु एक्टर से पहले एक क्रिकेटर थे। हालांकि, लेग इंजरी की वजह से उनका क्रिकेटर बनने का सपना टूट गया था। वहीं, ज्वाला गुट्टा भारत की दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी हैं और वह अक्सर अपने हैंडसम बॉयफ्रेंड विष्णु संग रोमांटिक तस्वीरें शेयर करती रहती हैं, जिस पर फैंस खूब प्यार लुटाते हैं। (ये भी पढ़ें: सिंगर हर्षदीप कौर ने पहली बार दिखाया बेटे हुनर सिंह का चेहरा, शेयर कीं खूबसूरत फोटोज)
आइए अब आपको कपल की वेडिंग डेट के बारे में बताते हैं। दरअसल, ज्वाला गुट्टा ने 13 अप्रैल 2021 को अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी शादी का कार्ड पोस्ट किया है, जिसके मुताबिक, ज्वाला गुट्टा और एक्टर विष्णु विशाल 22 अप्रैल 2021 को शादी को बंधन में बंध जाएंगे। इस कार्ड में लिखा है, ‘हमारे परिवारों के आशीर्वाद से, हमें अपनी शादी की खबर साझा करने में बहुत ख़ुशी मिल रही है। करीबी और प्रिय लोगों की उपस्थिति में हम शादी कर रहे हैं। हम उन सभी लोगों को धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने हमारी प्यार, वफादारी, दोस्ती और एकजुटता की इस यात्रा की शुरुआत के दौरान हम पर अपना प्यार और आशीर्वाद बरसाया है। गुट्टा ज्वाला और विष्णु विशाल।’ (ये भी पढ़ें: नकुल मेहता ने पत्नी जानकी को विश किया बर्थडे, तस्वीर शेयर कर लिखा, 'सूफी की अम्मा')
बीते साल, ज्वाला गुट्टा ने अपने 37वें बर्थडे पर बॉयफ्रेंड विष्णु विशाल संग सगाई रचाई थी, जिसकी जानकारी उन्होंने अपने अपने ट्विटर अकाउंट पर दो तस्वीरें शेयर कर दी थीं। पहली तस्वीर में देखा जा सकता है कि, विष्णु सेल्फी ले रहे हैं और उनके बगल में ज्वाला नजर आ रही हैं। इस दौरान ज्वाला ने अपना एक हाथ विष्णु के गले में डाल रखा है और वह अपनी रिंग फ्लॉन्ट करती हुई नजर आ रही हैं। दूसरी तस्वीर में ज्वाला और विष्णु बैठे हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़ रखा है। इस दौरान दोनों के चेहरे पर प्यारी स्माइल है। इन तस्वीरों को फैंस ने खूब पसंद किया था। (ये भी पढ़ें: 'स्प्लिट्सविला' फेम मोहित हीरानंदनी ने बताया कब करेंगे मंगेतर स्टेफी किंगम संग शादी)
ज्वाला गुट्टा के प्यार में डूबे विष्णु विशाल पहले से एक तलाकशुदा हैं। उन्होंने साल 2010 में साउथ एक्टर और डायरेक्टर के. नटराज की बेटी रजनी नटराज के साथ शादी रचाई थी। रजनी और विष्णु का एक बेटा आर्यन भी है। हालांकि, दोनों की ये शादी महज 8 सालों बाद खत्म हो गई। दोनों ने अभी तक अपने तलाक के पीछे की वजह का खुलासा नहीं किया है।
वहीं, विष्णु विशाल के अलावा उनकी गर्लफ्रेंड से मंगेतर बनीं ज्वाला गुट्टा भी तलाकशुदा हैं। उन्होंने साल 2005 में अपने साथी खिलाड़ी चेतन आनंद संग शादी की थी, लेकिन शादी के 6 साल बाद ही दोनों की राहें जुदा हो गईं। दोनों के बीच लड़ाई की वजह आपसी मतभेद बताई जाती है। बहरहाल चेतन ने 2011 में ज्वाला से तलाक लेने के एक साल बाद सारदा गोवर्धनी जस्ति से शादी कर ली। वहीं, ज्वाला एक्टर विष्णु संग अपनी जिंदगी की नई शुरुआत कर रही हैं।
फिलहाल, अब फैंस दोनों की शादी की तस्वीरों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। तो आपको ज्वाला और विष्णु की जोड़ी कैसी लगती है? हमें कमेंट बॉक्स में बताएं और अगर आप हमें कोई सुझाव देना चाहते है, तो जरूर दें।