By Pooja Shripal Last Updated:
बॉलीवुड एक्ट्रेस बिपाशा बसु (Bipasha Basu) फिल्म इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेसेस में से एक हैं, जो 2000 के दशक में हर फिल्म मेकर की लिस्ट में टॉप पर थीं। शानदार अदायगी के अलावा, बिपाशा को उनके बोल्ड किरदार के लिए भी जाना जाता है। यही वजह है कि एक टाइम में बिपाशा को 'सेक्स सिंबल' कहा जाता था।
7 जनवरी 1979 को दिल्ली में एक बंगाली परिवार में जन्मीं बिपाशा के पिता हीरक एक सिविल इंजीनियर थे और उनकी मां ममता एक गृहिणी थीं। यह 1996 की बात है जब 'पूर्व मिस इंडिया' और सुपर मॉडल मेहर जेसिया ने बिपाशा बसु को एक होटल में देखा और उन्हें मॉडलिंग में अपनी किस्मत आजमाने का सुझाव दिया। इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग की और जब उन्होंने एक्टर डीनो मोरिया के साथ एक मैगजीन के लिए पोज दिया, तो वह कई फिल्म निर्देशकों की नजरों में आ गईं।
बिपाशा बसु ने फिल्म 'अजनबी' (2001) से बॉलीवुड में अपने अभिनय की शुरुआत की और फिर उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। बिपाशा बसु की कुछ शानदार फिल्मों में 'राज' (2002), 'जिस्म' (2003), 'नो एंट्री' (2005), 'धूम 2' (2006), 'कॉर्पोरेट' (2006), 'फिर हेरा फेरी' (2006) और 'रेस' (2008) जैसी फिल्में शामिल हैं।
बिपाशा बसु ने अपनी शानदार फिल्मों के लिए कई प्रतिष्ठित अवॉर्ड्स भी अपने नाम किए। उनके अवॉर्ड्स की बात करें, तो उन्हें 'अजनबी' (2001) में उनके प्रदर्शन के लिए 'बेस्ट फीमेल डेब्यू' का 'फिल्मफेयर अवॉर्ड' मिला। इसके बाद उन्होंने 'राज़ 3' के लिए थ्रिलर या एक्शन में बेस्ट एक्ट्रेस के लिए 'स्टारडस्ट पुरस्कार', 'जिस्म' और 'कॉर्पोरेट' फिल्म के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड जीता। इसके अलावा, उन्हें भारतीय सिनेमा में 'ब्रैम्पटनशायर वॉक ऑफ़ फ़ेम' से भी सम्मानित किया गया।
बॉलीवुड में बिपाशा बसु का अभिनय करियर जहां हिट फिल्मों, पुरस्कारों और स्टारडम से भरा रहा, वहीं उनके साथ कुछ विवाद भी हुए। यहां हम आपको उनके कुछ ऐसे ही विवादों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने खूब सुर्खियां बटोरी थीं।
यह 2007 की बात है, जब इंडियन फिल्म इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेस बिपाशा बसु को लिस्बन में पुर्तगाल के प्रसिद्ध 'लूज स्टेडियम' में 'सेवेन वंडर्स ऑफ वर्ल्ड' के नामकरण के लिए एक इवेंट में बुलाया गया था। इस दौरान उन्होंने फेमस फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो द्वारा स्टेज शेयर की थी। दोनों ने अपनी मजेदार बातों और कमाल की केमिस्ट्री से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया था।
हालांकि, बाद में तत्कालीन मैनचेस्टर यूनाइटेड खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो को बिपाशा बसु के साथ एक नाइट क्लब में देखा गया था। दोनों काफी कम्फर्टेबल लग रहे थे और एक-दूसरे के साथ डांस करते हुए कुछ इंटिमेट मोमेंट्स भी शेयर किए। इतना ही नहीं, एक ब्रिटिश मीडिया कंपनी को क्रिस्टियानो के साथ बिपाशा की किस की कुछ तस्वीरें भी हाथ लगी थीं और उनके सार्वजनिक होने के बाद भारत में हर कोई हैरान रह गया था।
एक न्यूज पोर्टल के साथ एक इंटरव्यू में बिपाशा बसु ने क्रिस्टियानो रोनाल्डो के साथ अपनी किसिंग तस्वीरों के बारे में बात की थी और साझा किया था कि उस रात लिस्बन (पुर्तगाल) में वास्तव में क्या हुआ था। एक्ट्रेस ने फुटबॉलर को 'क्यूट' कहा था। बिपाशा ने कहा था, "उनसे मिलना एक सपने के सच होने जैसा था। प्रोग्राम के बाद हम क्लब में गए। वह बहुत प्यारे हैं और यह अजीब था जब उन्होंने मुझे भी 'क्यूट' कहा। वह अब एक दोस्त हैं और उन्होंने मुझसे अपने सभी मैचों में इनवाइट करने का वादा किया है।"
इस घटना के दौरान बिपाशा एक्टर जॉन अब्राहम को डेट कर रही थीं और कुछ समय बाद दोनों का ब्रेकअप हो गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिपाशा का रोनाल्डो के साथ किस उनके ब्रेकअप के प्रमुख कारणों में से एक था।
बिपाशा की कॉन्ट्रोवर्सी में एक विवाद करीना कपूर संग उनकी लड़ाई भी है, जो फिल्म 'अजनबी' (2001) में उनके एक साथ काम करने के दौरान हुई थी। खबरों की मानें, तो विक्रम फडनीस करीना के डिजाइनर थे, लेकिन शिष्टाचारवश उन्होंने बिपाशा की मदद करने की कोशिश की। हालांकि, करीना ने इस बात से नाराज होकर बिपाशा से बात करना बंद कर दिया था और उन्हें 'काली बिल्ली' भी कहा था। अपनी स्किन को लेकर किए गए करीना के इस कमेंट के बाद बिपाशा ने कहा था कि वह फिर कभी करीना के साथ काम नहीं करेंगी।
अपने शुरुआती करियर में बिपाशा ने हर वह काम किया, जो उस दौर में हर किसी के लिए काफी नया और थोड़ा शॉकिंग था। इसके तहत उन्होंने एक दिलचस्प अवधारणा के साथ एक मैगजीन के लिए एक्ट्रेस अमीषा पटेल के साथ पोज दिया था। फोटो में दोनों अभिनेत्रियों ने एक जैसी ड्रेस पहनी थी और थोड़े इंटीमेट तरीके से पोज दिया था। हालांकि, मैजगीन के रिलीज होने के बाद दोनों एक्ट्रेसेस पर वल्गैरिटी को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया और खूब आलोचना की गई थी। रिपोर्ट्स की मानें, तो कुछ लोगों ने बिपाशा के घर के बाहर विरोध भी किया था।
यह 2013 की बात है जब बिपाशा बसु ने एक तस्वीर साझा की थी, जिसमें दो छोटी लड़कियां उनके शू लेज बांधती दिख रही थीं। उनकी इस फोटो ने खूब विवाद खड़ा कर दिया था। लोगों ने बिपाशा पर चाइल्ड लेबर का आरोप लगाया था और पुलिस व कोर्ट से उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का भी आग्रह किया था।
जैसे ही विवाद बढ़ने लगा, एक्ट्रेस ने साफ किया कि फोटो में दिख रहीं दोनों लड़कियां उनकी बहनें बिदिशा बसु और बिजोयेता बसु थीं। हालांकि, लोगों को इस बात पर विश्वास नहीं हुआ था, लेकिन बिपाशा अपनी बात पर अड़ी रहीं और समय के साथ विवाद खत्म हो गया।
पूर्व राजनेता स्वर्गीय अमर सिंह का सिनेमा के प्रति प्यार और अभिनेता अमिताभ बच्चन संग घनिष्ठ संबंध जगजाहिर है। हालांकि, वह तब विवादों में फंस गए थे, जब 2006 में एक्ट्रेस बिपाशा बसु के साथ उनकी कथित 'सेक्स टॉक' ऑनलाइन लीक हो गई थी। उनके एक सेंसिटिव कमेंट ने लोगों में गुस्से का गुबार भर दिया था। दरअसल, उन्हें ऑडियो कॉल क्लिप में "पैरों के बीच उम्र मायने रखती है।" कहते हुए सुना गया था।
पूर्व राजनेता ने यह असंवेदनशील कमेंट कॉल पर एक महिला से किया था, जिसने उनकी उम्र का मजाक उड़ाया था। इस ऑडियो क्लिप के वायरल होने के बाद कयास लगाए गए थे कि वह महिला कोई और नहीं बल्कि बिपाशा बसु थीं। हालांकि, बिपाशा ने कई बार इसका खंडन किया, लेकिन यह बात तब साफ हुई, जब अमर सिंह ने खुद कबूल किया था कि क्लिप में जिस आदमी को सुना गया, वह कोई और नहीं बल्कि खुद अमर सिंह थे, लेकिन महिला बिपाशा नहीं हैं।
इसके बाद यह मामला तो शांत हो गया, लेकिन इसकी वजह से कुछ समय के लिए बिपाशा का नाम जरूर खराब हो गया था। हालांकि, फिर भी कुछ लोगों ने अमर सिंह के स्टेटमेंट पर कभी विश्वास नहीं किया और इसे 'पर्दे के पीछे का सैटलमेंट' बताया।
खैर, विवाद चाहे जितने रहे हों, लेकिन इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि बिपाशा एक बेहतरीन अदाकारा हैं, जिन्होंने अपने अब तक के करियर में कई शानदार और यादगार फिल्में दी हैं। फिलहाल, वह अपने पति करण सिंह ग्रोवर और बेटी देवी के साथ अपनी लाइफ के सबसे अच्छे फेज को जी रही हैं।
वैसे, बिपाशा की इन कॉन्ट्रोवर्सीज पर आपकी क्या राय है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं।